विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
तम्बाकू सेवन से होने वाली बीमारियों और दुष्प्रभावों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
रिपोर्टर भखारा
भखारा:- विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई को तपस्या भवन, भखारा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, तामेश्वर साहू, गीतालक्ष्मी साहू (आर्ट ऑफ लिविंग, कुरूद) एवं बी.के. करुणा बहन (संचालिका, तपस्या भवन ओम शांति सेंटर भखारा) रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा तम्बाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं इसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
तम्बाकू से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा : हरख
मुख्य अतिथि हरखचंद जैन ने कहा कि तम्बाकू सेवन कैंसर सहित अनेक घातक बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
स्वयं भी नशा न करें और दूसरों को भी रोकें : तामेश्वर साहू
तामेश्वर साहू ने कहा कि तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट और गुटखा का सेवन आज सामाजिक फैशन का रूप लेता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके सेवन से रोकने का आह्वान किया।
बच्चों को नशे से बचाने में माता-पिता की भूमिका महत्वपूर्ण : बी.के. करुणा बहन
बी.के. करुणा बहन ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नशे के कारण अनेक गंभीर बीमारियां जन्म लेती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे की बुराइयों से बचाने में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि बड़े स्वयं नशामुक्त जीवन जीते हैं तो बच्चे भी सुरक्षित एवं संस्कारित वातावरण प्राप्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष संस्था द्वारा रैली एवं विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इस वर्ष भीषण गर्मी और धूप को देखते हुए रैली के स्थान पर मंचीय कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
नशामुक्त समाज निर्माण की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के अंत में होरीलाल भाई ने उपस्थित सभी लोगों को तम्बाकू सेवन न करने तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने की शपथ दिलाई। सभी ने नशामुक्त समाज निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में अयांश, अक्षांश, भव्या, समर, भौमिक, वेदिका, त्रयक्ष, पूर्वी, सेजल, गुनगुन एवं ओजस सहित उनके अभिभावकों की सहभागिता रही। इसके अलावा डॉ. संतोष, डॉ. निर्मला, हिरेन्द्र साहू, बसंत बैस, लीलाधर साहू, देवनारायण साहू, श्रीमती तिलेश साहू, हरवंश साहू तथा बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी भाई-बहन उपस्थित रहे।
समाज को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने का दिया संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से तम्बाकू और अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

