शिव संयुजस्य गुरुपूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुधाम तरीघाट में साधक-शिष्यों की बैठक सम्पन्न
गुरुसत्ता आध्यात्मिक केंद्र तरीघाट एवं शांति धाम साधक कल्याण वेल्फेयर राजिम के तत्वावधान में आगामी 28 एवं 29 जुलाई को मुनगाशेर, बागबाहरा में आयोजित होने वाले शिव संयुजस्य गुरुपूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों के संबंध में आज गुरुधाम तरीघाट में पूज्यपाद गुरुदेव डॉ. आनंद मतावले जी की गरिमामयी उपस्थिति में साधक-शिष्यों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में महोत्सव की व्यापक तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा, साधकों की सहभागिता, आवास, भोजन, यातायात, पंजीयन एवं विभिन्न समितियों के गठन सहित अनेक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पूज्यपाद गुरुदेव डॉ. आनंद मतावले जी ने कहा कि गुरुपूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का महान पर्व है, जो साधक के आध्यात्मिक जीवन को नई दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने सभी साधक-शिष्यों से आह्वान किया कि वे सेवा, साधना एवं संगठन की भावना के साथ आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक महोत्सव से जोड़ें। गुरुदेव ने कहा कि गुरुकृपा से ही जीवन में ज्ञान, विवेक और आत्मिक एवं भौतिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
बैठक में अलग क्षेत्र से जैसे ओडिशा महासमुंद गरियाबंद रायपुर बागबाहरा झलप बसना बिलासपुर के साथ साथ अन्य जिलों से साधक शिष्यों की उपस्थिति में आयोजन की सफलता हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महोत्सव में आयोजित होने वाले गुरु पूजन, आध्यात्मिक प्रवचन, ध्यान साधना, भजन-कीर्तन, यज्ञ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
अंत में सभी साधक-शिष्यों ने सामूहिक रूप से शिव संयुजस्य गुरुपूर्णिमा महोत्सव 2026 को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।


