खाद संकट, महंगाई और किसान हितों के मुद्दे पर 12 जून को राजिम में महाचक्का जाम - chhattisgarhkaratan

chhattisgarhkaratan

भारत सरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ रत्न

Home Top Ad

Post Top Ad

Popular Posts

Wednesday, 10 June 2026

खाद संकट, महंगाई और किसान हितों के मुद्दे पर 12 जून को राजिम में महाचक्का जाम

 खाद संकट, महंगाई और किसान हितों के मुद्दे पर 12 जून को राजिम में महाचक्का जाम


 भाजपा किसान मोर्चा व सरपंच संघ को भी भेजा गया आमंत्रण





फिंगेश्वर/राजिम-:खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कमी, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने तथा आम जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर 12 जून को राजिम में विशाल किसान आंदोलन और चक्का जाम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर एवं भारतीय किसान यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।


ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के अध्यक्ष रूपेश कुमार साहू ने विभिन्न किसान संगठनों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को आमंत्रण पत्र भेजकर आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया है। विशेष रूप से भाजपा किसान मोर्चा गरियाबंद के जिला अध्यक्ष हलमन ध्रुव, राजिम मंडल अध्यक्ष यथार्थ शर्मा तथा सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू को भी आमंत्रण भेजा गया है।


आयोजकों का कहना है कि वर्तमान खरीफ सीजन में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। वहीं निजी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने किसानों और आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।


रूपेश साहू ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याएं किसी एक दल की नहीं बल्कि पूरे समाज की चिंता का विषय हैं। इसी भावना के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और जनप्रतिनिधियों को आंदोलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है ताकि किसानों की आवाज को मजबूती मिल सके।


12 जून को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक राजिम के पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में धरना-प्रदर्शन, ट्रैक्टर रैली और विशाल चक्का जाम का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने किसानों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Post Top Ad