सेवा संकल्प अभियान के तहत खिसोरा में नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम
नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने दिलाई गई शपथ, योजनाओं की दी गई जानकारी
धमतरी मगर लोड। सेनानी ग्राम पंचायत खिसोरा। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत खिसोरा में नशा मुक्ति जनजागरूकता एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष रहे। कार्यक्रम में श्री राजेश साहू, जनपद सभापति, श्रीमती तिलोत्तमा साहू, जनपद सभापति, श्रीमती राखी साहू, सरपंच ग्राम पंचायत खिसोरा, श्रीमती देवांगन मैडम, कार्यक्रम अधिकारी समाज कल्याण विभाग, श्री जायसवाल जी, श्री चम्पेश्वर यादव, श्री किशन साहू, ग्राम पंचायत सचिव, पंचगण, ग्रामवासी सहित प्राथमिक, माध्यमिक एवं शिशु मंदिर के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पात्र हितग्राहियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की सामूहिक शपथ ली।
