हर घर तिरंगा–वंदे मातरम् की गूंज से भेंडरी में निकली जागरूकता रैली
भेंडरी। छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय प्राथमिक शाला भेंडरी में ‘हर घर तिरंगा–वंदे मातरम्’ थीम पर विद्यार्थियों द्वारा भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में पंचायत पदाधिकारियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं मिशन लाइफ क्लब यूथ फॉर युवा के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों के साथ ग्रामीणों को तिरंगे के सम्मान, गौरव एवं राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों के “हर घर तिरंगा लहराएंगे, देश का मान बढ़ाएंगे” तथा “तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है” जैसे नारों से गांव का वातावरण देशभक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर सरपंच तुलेश्वरी साहू, उपसरपंच ऐलू राम साहू एवं वरिष्ठ शिक्षक लालजी सिन्हा ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना के संबंध में सारगर्भित जानकारी दी।
जन्मदिन पर शिक्षक ने बांटी खुशियां
कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए शाला के वरिष्ठ शिक्षक रेखराम निषाद ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच सेवा एवं खुशियां बांटकर मनाया। उन्होंने प्रधानमंत्री सुपोषण योजना के तहत संचालित मध्यान्ह भोजन में अतिरिक्त पोषण एवं खुशी के रूप में विद्यार्थियों को बालूशाही, चॉकलेट, केक एवं पेन वितरित किए। इससे बच्चों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक टीकूराम ध्रुव ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रदीप कुमार साहू ने किया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी, शिक्षक लालजी सिन्हा, टीकूराम ध्रुव, प्रदीप साहू, रेखराम निषाद, सेवानिवृत्त शिक्षक जी.आर. ध्रुव, पूर्व सरपंच सोमनाथ साहू, आनंद राम साहू, कन्हैया राम ध्रुव, नुमेश साहू, अंगा राम, चित्ररेखा यादव, लक्ष्मी यादव, डुमेश्वरी साहू, तारा साहू, यशोदा साहू, खिलेश्वरी साहू, हिलेश्वरी साहू, संतोषी साहू, भूमिका साहू, गोदावरी ध्रुव सहित चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मिशन लाइफ क्लब यूथ फॉर युवा के सदस्य उपस्थित रहे।
आकर्षक नारा:
“हर घर तिरंगा लहराए, हर दिल में भारत बस जाए—वंदे मातरम्!”
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, तिरंगे के प्रति सम्मान एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया।


