"जन्मदिन को बनाया सेवा और संस्कार का उत्सव: शिक्षक लालजी सिन्हा ने बच्चों को कराया न्यौता भोज"
भेंडरी। शासकीय प्राथमिक शाला भेंडरी में लोकप्रिय एवं नवाचारी शिक्षक लालजी सिन्हा ने अपना जन्मदिन सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार के साथ मनाते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री सुपोषण योजना के अंतर्गत विशेष न्यौता भोज कराया। इस अवसर पर बच्चों को नियमित मध्यान्ह भोजन के साथ अपने हाथों से केक, चॉकलेट, खीर, पूड़ी, बड़ा एवं भजिया परोसकर अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराया गया।
स्वादिष्ट व्यंजन और आत्मीयता से परोसे गए भोजन को पाकर बच्चे अत्यंत उत्साहित एवं प्रफुल्लित दिखाई दिए। विद्यार्थियों ने शिक्षक लालजी सिन्हा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अपने उद्बोधन में शिक्षक लालजी सिन्हा ने कहा, "बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। विद्यार्थियों की मुस्कान ही मेरे लिए सबसे अनमोल उपहार है। शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, प्रेम, सेवा और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना हम सभी शिक्षकों का दायित्व है। यदि मेरे जन्मदिन से बच्चों के चेहरे पर खुशी आती है, तो इससे बड़ा उत्सव मेरे लिए कोई नहीं हो सकता।"
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी, शिक्षक टीकूराम ध्रुव, रेखाराम निषाद, प्रदीप कुमार साहू एवं लालजी सिन्हा, पालक सदस्य भूषण लाल साहू, भावी साहू , नव्यानिधि साहू,शांति यादव एवं रेखा यादव सहित विद्यालय के 75 विद्यार्थियों ने सहभागिता की और न्यौता भोज का आनंद लिया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी ने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को बच्चों की खुशियों और सेवा से जोड़ना अत्यंत प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन विद्यालय में अपनत्व, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रेखाराम निषाद ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षक टीकूराम ध्रुव ने किया। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित पालकों ने शिक्षक लालजी सिन्हा की इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।

