फिंगेश्वर में शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, नॉमिनल रोल के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सौंपा ज्ञापन
“एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं तो विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का होगा घेराव” — ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर की चेतावनी
गरियाबंद/फिंगेश्वर : विकासखंड फिंगेश्वर में केंद्रीयकृत कक्षा 5वीं एवं 8वीं बोर्ड परीक्षा के नॉमिनल रोल तैयार करने के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के अध्यक्ष रूपेश कुमार साहू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विकासखंड शिक्षा विभाग के माध्यम से संकुल समन्वयकों और विद्यालयों पर नॉमिनल रोल फॉर्म तैयार करने के नाम पर आर्थिक दबाव बनाया गया तथा विद्यालयों से 150 रुपये से 300 रुपये तक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस पूरे मामले को लेकर लगातार प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में समाचार प्रकाशित और प्रसारित हो रहे हैं।
मीडिया में जांच समिति गठित किए जाने की बातें भी सामने आईं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस जांच या कार्रवाई नहीं होने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि शासन स्तर पर परीक्षा कार्य के लिए पहले से बजट उपलब्ध होने के बावजूद इस प्रकार की वसूली पूरी तरह नियम विरुद्ध है और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आती है। इसके बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया जाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान होरीलाल वर्मा, रमेश साहू, धर्मवीर, योगेश्वरी साहू, भुवनेश्वरी बंजारे, हिमेश्वरी साहू, थनेश्वर बंजारे,देवेंद्र साहू, सोनू मिरी, हसमन भारती एवं गुनेश साहू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


