एम्पोरियम में गोबर की लकड़ी, ईंट, दीये, धूप बत्ती, अगरबत्ती, गमले, खिलौने,
सजावटी समान विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे
मुख्यमंत्री
श्री भूपेश बघेल ने आज सरगुजा जिला प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय
अंबिकापुर में प्रदेश के पहले गोधन एम्पोरियम का उद्घाटन किया। इस
एम्पोरियम में गोधन न्याय योजना के तहत गोठानों में खरीदे गए गोबर से महिला
समूहों द्वारा निर्मित हो रहे विभिन्न उत्पादों की बिक्री की जाएगी।
गोधन एम्पोरियम में गोबर से महिला समूहों द्वारा बनाई गई लकड़ी, ईंट,
दीये, धूप बत्ती, अगरबत्ती, खिलौने, सजावटी समान सहित घनजीवामृत विक्रय के
लिए उपलब्ध रहेगा। महिलाओं द्वारा गोबर तथा बेसन के साथ अन्य प्राकृतिक
उत्पाद के मिश्रण से घनजीवामृत तैयार किया जा रहा है। इसके उपयोग से भूमि
की उर्वरता बढ़ती है।
गोधन उत्पाद विक्रय सह प्रदर्शनी केंद्र के रूप में अंबिकापुर के कला
केंद्र मैदान के सामने गांधी स्टेडियम के प्रवेश द्वार के निकट गोधन
एम्पोरियम की शुरुआत की जा रही है। एम्पोरियम का संचालन गोठान प्रबंध समिति
द्वारा नगर निगम एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के मार्गदर्शन एवं
निगरानी किया जाएगा। गोधन एम्पोरियम खुलने से जहां नागरिकों को गोधन उत्पाद
खरीदने में सुविधा होगी वहीं समूह की महिलाओं अपने उत्पादों के विक्रय के
लिए एक व्यवस्थित स्थान मिलेगा। अंबिकापुर का गोधन एम्पोरियम प्रदेश के लिए
एक मॉडल साबित हो सकता है।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव,
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत
भगत, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, उच्च शिक्षा मंत्री श्री
उमेश पटेल, संसदीय सचिव श्री चिंतामणि महाराज, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री बृहस्पति सिंह, राज्य खाद्य एवं नागरिक
आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री रामगोपाल अग्रवाल भी उपस्थित थे।
