धमतरी 28 नवम्बर 2020
पोस्ट
मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले जिले के विद्यार्थियों से
शिक्षा सत्र 2020-21 के लिए (कक्षा बारहवीं से उच्चतर) हेतु ऑनलाईन आवेदन
आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन स्वीकृति एवं वितरण की कार्रवाई http://mpsc.mp.nic.in/CGPMS वेबसाईट
पर ऑनलाईन की जा रही है। इसके तहत विद्यार्थियों के पंजीयन एवं संस्थाओं
को प्रस्ताव/स्वीकृति लॉक करने के लिए विभाग द्वारा वर्ष 2020-21 में तिथि
निर्धारित की गई है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक
विद्यार्थी द्वारा ऑनलाईन आवेदन के लिए (नवीन एवं नवीनीकरण)की तिथि 30
दिसम्बर 2020 तक तय की गई है। इसी तरह 30 नवम्बर 2020 से 15 जनवरी 2021 तक
ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक करने और सेंक्शन ऑर्डर लॉक करने की तिथि निर्धारित की
गई है। इसी तरह के.वाय.सी. जमा करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2021 तक नियत
की गई है। बताया गया है कि निर्धारित तिथियों के बाद शिक्षा सत्र 2020-21
की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन स्वीकृत नहीं किए जाएंगे। साथ
ही ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक अथवा सेंक्शन ऑर्डर लॉक करने का अवसर भी प्रदाय
नहीं किया जाएगा। सहायक आयुक्त ने संबंधित प्राचार्य, संस्था प्रमुख तथा
छात्रवृत्ति प्रभारियों को निर्देशित किया है कि नियत तिथि तक कार्रवाई
पूरी नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से
वंचित रह जाते हैं, तो उसके लिए संस्था प्रमुख स्वयं जिम्मेदार होंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, नर्सिंग
महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आई.टी.आई., जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था
में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों
को आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदाय
की जाती है।
