आवेदन पत्र विद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 14 दिसम्बर तक
नवमीं एवं दसवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी होंगे परीक्षा में शामिल होने के पात्र
धमतरी 28 नवम्बर 2020
विज्ञान पहेली प्रतियोगिता परीक्षा 2020-21 का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। इसके तहत प्रथम चरण में जिला स्तर, द्वितीय चरण जोन स्तर और तीसरे चरण में राज्य स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के सभी मान्यता प्राप्त उच्च/उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा नवमीं एवं दसवीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र होंगे। जिला स्तरीय परीक्षा 17 दिसम्बर 2021 को सुबह 11 से दोपहर 12.30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसके लिए स्थानीय डॉ.शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इसी तरह जोन स्तरीय परीक्षा 07 मार्च 2021 और राज्य स्तरीय परीक्षा 11 अप्रैल 2021 को आयोजित की जाएगी।बताया गया है कि छात्र-छात्राओं द्वारा आवेदन पत्र विद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 14 दिसम्बर 2020 तथा विद्यालय के प्राचार्य द्वारा परीक्षा केन्द्र में आवेदन पत्रों की सूची एवं नॉमिनल रोल जमा करने की अंतिम तिथि 16 दिसम्बर 2020 तय की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित संस्थाओं के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि उक्त प्रतियोगिता परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक छात्र-छात्राओं से आवेदन पत्र भरवाकर सीधे परीक्षा केन्द्र में नॉमिनल रोल सहित 21 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से जमा करें। एस.सी.ई.आर.टी. द्वारा निर्धारित आवेदन पत्र परीक्षा केन्द्र डॉ.शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी अथवा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से परिषद की वेबसाईट http://www.scert.cg.gov.in/ पर उपलब्ध है।
