सामुदायिक पौधरोपण तथा नीम के बीज संग्रहित कर तेल बनाने की पहल को सराहा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान - chhattisgarhkaratan

chhattisgarhkaratan

भारत सरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ रत्न

Home Top Ad

Post Top Ad

Popular Posts

Friday, 10 July 2020

सामुदायिक पौधरोपण तथा नीम के बीज संग्रहित कर तेल बनाने की पहल को सराहा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान


सामुदायिक पौधरोपण तथा नीम के बीज संग्रहित कर तेल बनाने की पहल को सराहा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा नेविभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान

पत्रकार कैलाश टांडे छत्तीसगढ़ का रत्न
8964081105



धमतरी 10 जुलाई 2020/ धमतरी जिले में इस साल 25 ग्राम पंचायतों के 300 एकड़ क्षेत्र में कुल 65000 फलदार सामुदायिक पौधरोपण किया जाएगा। मनरेगा के साथ इसमें कृषि, उद्यानिकी, क्रेडा विभाग का अभिसरण है। इसके तहत जहां फलदार पौधे मनरेगा से लगेंगे, वहीं उद्यानिकी विभाग सब्जी बीज उपलब्ध कराएगा, कृषि विभाग अंतर्वर्ती फसल के रूप में अरहर, मूंग, रागी इत्यादि उपलब्ध करा रहा है। क्रेडा द्वारा सोलर ड्रिप इत्यादि दिया जाएगा। सबसे प्रमुख बात है कि फलदार पौधे विभागीय नर्सरी में तैयार की गई है इस वजह से इसे बाहर से खरीदने की जरूरत नहीं पड़ी। दूसरी प्रमुख बात, इन पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी बिहान की महिला समूहों को सौंपी जा रही है। उनकी आय में वृद्धि के लिए सब्जी बीज और अरहर, रागी वगैरह दिया जा रहा है। यहां बोर खनन भी आवश्यकता के अनुरूप किया जा रहा, ताकि सिंचाई सुविधा दी जा सके। इसके साथ ही चटौड मल्टी यूटिलिटी सेंटर की महिला समूहों को पौधों की सुरक्षा के लिए लॉकडाउन की अवधि में लगभग 40 लाख रुपए के काम पोल और फेंसिंग बनाने के दिए गए। गौरतलब है कि फेंसिंग के करीब में करोंदा और अग्रो फॉरेस्ट्री पौधे खमार भी लगाए जाएंगे। प्रदेश के वाणिज्यिक कर (आबकारी), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने इन पौधों की अच्छी तरह से देखभाल हो यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वे आज जिला स्तरीय अधिकारियों की दोपहर 12 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ले रहे थे। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता गांधी ने बताया कि इस योजना के तहत महिला समूहों को पौधों देखभाल की जिम्मेदारी दस साल के लिए लीज पर दी जा रही है।

इसके अलावा ग्रीन आर्मी की महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने नीम के बीज से तेल निकालने का काम सौंपा जा रहा है। ज्ञात हो कि जिले में कुल 16 हजार नीम के पेड़ हैं। इनके बीज को संग्रहित कर सुखाने के बाद प्रोसेसिंग कर तेल निकाला जाएगा। पिछले दिनों शुरू किए गए इस काम में अब तक 5000 किलो नीम बीज महिलाओं ने एकत्रित कर लिए हैं। इसे प्रोसेस कर तेल बनाया जाएगा। आयुर्वेद विभाग के सहयोग से इस तेल को विक्रय हेतु विभिन्न आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने वाली कंपनियों से चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही नीम बीज की खली का उपयोग खाद के रूप में किया जाता है, जिसके लिए व्यापारियों से बात की जा रही। इस तरह समूह को दोनों तरह (नीम तेल और खली) से अच्छी खासी आय होने की संभावना है। प्रभारी मंत्री ने जिले में महिला समूहों के हित में की जा रही इस पहल को काफी सराहा। उन्होंने खरीफ सीजन के मद्देनजर खाद-बीज की वस्तुस्थिति की जानकारी कृषि विभाग से लेते हुए यह सुनिश्चित् करने के निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनी रहे। बताया गया कि 42,827 क्विंटल बीज के लक्ष्य के विरूद्ध 38,352 क्विंटल का भंडारण कर 32,515 क्विंटल याने 84.78 प्रतिशत बीज का वितरण किसानों को कर दिया गया है। इसी तरह 56,300 मीट्रिक टन के विरूद्ध 45,726 मीट्रिक टन खाद का भण्डारण कर 30,127 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित किया गया है। जिले में एक लाख 37 हजार हेक्टेयर के विरूद्ध 49 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी हो गई है तथा आगामी 20 अगस्त तक रोपा भी पूरा हो जाएगा। इसके अलावा जैविक खेती के लिए नगरी के एक हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित धान लगाई जा रही है, जिसके मेड़ों पर अरहर भी बोया जाएगा।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने जिले में सुराजी गांव योजना के तहत नरवा, गरूवा, घुरूवा और बाड़ी के कार्यों की भी समीक्षा की तथा बनाए जाने वाले आदर्श गौठानों को बहुगतिविधियों के लिए चयनित करने पर बल दिया। साथ ही गौठानों में तैयार वर्मी खाद और गोबर खाद का सदुपयोग करने पर भी जोर दिया। बताया गया कि सामुदायिक पौधरोपण के लिए चयनित स्थानों में गौठानों से लगभग तीन लाख रूपए के वर्मी खाद का उठाव किया गया है। इस पर मंत्री श्री लखमा ने संतोष जताया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 73 लाख 50 हजार लक्ष्य के विरूद्ध 48 लाख 23 हजार से अधिक मानक दिवस सृजित कर लिए गए हैं। जिले में 570 कार्य मनरेगा के तहत जारी हैं। इस मौके पर 15 स्वीकृत पंचायत भवनों की जानकारी लेते हुए प्रभारी मंत्री ने इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग से वृद्धा तथा निराश्रित पेंशन से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों की जानकारी ली। बताया गया कि जिले में 66 हजार हितग्राहियों को जून माह तक की पेंशन राशि उपलब्ध कराने जनपदों को भेज दी गई है। जिले में इंग्लिश मीडियम स्कूल के रूप में स्वीकृत मेहतरू राम धीवर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बठेना में अधोसंरचना, छात्र तथा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में प्रभारी मंत्री ने जानकारी ली। उन्होंने जल्द से जल्द अधोसंरचना के कार्य को पूरा करने तथा भर्ती प्रक्रिया को नियमानुसार करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत जिले में कोविड 19 के मद्देनजर किसी भी हितग्राही को लाभ से वंचित ना होना पड़े, यह सुनिश्चित करने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने बैठक में दिए। बताया गया कि 130 गांव के 155 आंगनबाड़ियां, जहां कुपोषण का दर अधिक है, वहां कुपोषित बच्चों को योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने उन्हें हर हाल में चावल, दाल और सोयाबीन की बड़ी नियमित रूप से सूखा राशन के रूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं अन्य आंगनबाड़ियों में भी पाक्षिक तौर पर दिए जा रहे सूखा राशन और रेडी-टू-ईट फुड पैकेट की जानकारी लेते हुए प्रभारी मंत्री ने कुपोषण मिटाने के लिए हरसंभव प्रयास करने पर जोर दिया। इस मौके पर उन्होंने जिले में बारिश के मौसम को देखते हुए वृक्षारोपण के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। वन विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में लक्षित 6,36,640 पौधों के विरूद्ध अब तक 3,76,928 पौधे रोपे गए हैं। प्रभारी मंत्री ने इन पौधों की सही तरीके से देखभाल करने पर जोर दिया। साथ ही बारिश के मौसम को देखते हुए पेयजल की स्वच्छता, निचली बस्तियों में जल निकासी तथा मौसमी बीमारियों के प्रति भी सतर्क रहने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही शासन की महत्ती मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, बांधों में जल भराव, राजस्व प्रकरणों के निपटारे की प्रगति की भी मंत्री श्री लखमा ने समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर कलेक्टर श्री जय प्रकाश मौर्य ने केबिनेट मंत्री श्री लखमा को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का विभागों द्वारा गंभीरता से पालन करना सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कोविड 19 के मद्देनजर सभी को पूरी सतर्कता के साथ शासकीय योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही शासन के नियमानुसार सामाजिक और शारीरिक दूरी बनाने तथा मास्क का उपयोग करने पर बल दिया। बैठक में सिहावा विधायक डाॅ.लक्ष्मी ध्रुव, नगरपालिक निगम धमतरी के महापौर श्री विजय देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीशु चन्द्राकर, पूर्व धमतरी विधायक श्री गुरूमुख सिंह होरा, पुलिस अधीक्षक श्री बी.पी.राजभानू, अपर कलेक्टर श्री दिलीप अग्रवाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post Top Ad