मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुरक्षा एवं सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
नोवल कोरोना के नियंत्रण हेतु राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थापित
धमतरी, 19 मार्च 2020/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज वीडियो काॅन्फें्रसिंग के माध्यम से सभी जिले के कलेक्टरों से संकट की आसन्न घड़ी में धैर्य, सतर्कता, सूझबूझ तथा विवेकपूर्ण काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कलेक्टरों को प्रत्यक्ष मीटिंग के स्थान पर वीडियो काॅन्फे्रंसिंग आयोजित करने, बस स्टाॅप, रेलवे स्टेशन में विशेष हैण्डवाॅश तथा सैनिटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करने, मेडिकल स्टोर्स में मास्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पूर्व, प्रदेशवासियों से शासन-प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।इसके पहले, मुख्य सचिव श्री आर.पी. मण्डल एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने प्रदेश में कोविद-19 नोवल कोरोना वायरस के संभावित संक्रमण के विस्तार को ध्यान में रखते हुए वी.सी. के जरिए अनेक निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि उक्त वायरस के संक्रमण के प्रबंधन एवं नियंत्रण के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की स्थापना की गई है। वीसी में यह भी निर्देश दिए गए कि जिला स्तर पर एक कोर कमेटी का गठन किया जाए, जिसमें कोरोना वायरस के नियंत्रण के संबंध में प्रशासनिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वी.सी. में यह भी निर्देश दिया गया कि विदेशों की यात्रा कर आए लोगों को प्राथमिक से चिन्हांकित कर उन्हें क्वारंटनाइन सेंटर में शिफ्ट करें। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, राजस्व, पुलिस तथा परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। इसके अलावा नगरीय निकायों में भीड़ का जमावड़ा नहीं होने देने, चैपाटी, क्लब, कोचिंग संस्थानों को आगामी 31 मार्च तक बंद रखने, निगम क्षेत्रांतर्गत वार्ड कार्यालयों का उपयोग कोरोना हेल्प डेस्क के तौर पर उपयोग में लाने, कार्यालयों में फाइलों की मूवमेंट कम करने, धार्मिक आयोजनों-अनुष्ठानों तथा सामूहिक प्रार्थना आदि को विवेकपूर्ण ढंग से सीमित अथवा नियंत्रित करने, मांगलिक उत्सवों को यथासंभव स्थगित रखने के संबंध में अनुरोध करने के लिए कहा गया। इसी तरह यात्री बसों में वायरसरोधी दवाओं का छिड़काव करने, कोरोना वायरस के समान लक्षण वाले यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने सहित अनेक निर्देश वी.सी. में दिए गए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रजत बंसल, एसपी श्री बीपी राजभानू, डीएफओ श्री अमिताभ बाजपेयी, जिला पंचायत की सी.ई.ओ. श्रीमती नम्रता गांधी, एएसपी श्रीमती मनीषा ठाकुर, निगमायुक्त श्री आशीष टिकरिहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. डी.के. तुर्रे सहित विभिन्न विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।