शिशुओं को रेडी टू ईट पैकेट की घर पहुंच सेवा देंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं
सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का कड़ाई से पालन करने कलेक्टर ने दिए निर्देश
धमतरी, 27 मार्च 2020/ कोरोना वायरस कोविद-19 के संभावित संक्रमण को दृष्टिगत करते हुए प्रदेश सहित जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों को आगामी 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी केन्द्रों में दर्ज बच्चों को निर्बाध रूप से पोषण आहार मिले, इसके लिए कलेक्टर श्री रजत बंसल ने शिशुओं के घर पर रेडी टू ईट के पैकेट उनके घर पर जाकर देने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को दिए हैं।
कलेक्टर के द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि उक्त अवधि में तीन से छह वर्ष तक के शिशुओं को परोसे जाने वाले गर्म भोजन की जगह 750 ग्राम के रेडी टू ईट पैकेट का वितरण उनके घर पर जाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के द्वारा किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताध्सहायिका को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का कड़ाई से पालन किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत दो व्यक्तियों के मध्य न्यूनतम दो मीटर से अधिक दूरी बनाए रखना अनिवार्य है। रेडी टू ईट फूड के निर्माण और वितरण की निगरानी आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों के द्वारा सुनिश्चित किए जाने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं। इन पैकेटों को सीधे हाथों में न देकर टेबल, कुर्सी या किसी स्वच्छ व समुचित जगह पर रखने के लिए कहा गया है तथा वितरण के समय कार्यकर्ताध्सहायिका को मुंह पर मास्क और हाथों में ग्लव्स पहनना आवश्यक है। इस दौरान हितग्राहियों को बार-बार हैण्डवाॅश अथवा साबुन से हाथ धोने के के लिए भी प्रोत्साहित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
एम्स को भेजे गए दोनों सैम्पल निगेटिव निकले
धमतरी, 27 मार्च 2020ध् कोरोना वायरस कोविद-19 के तहत जिले में स्थापित किए गए क्वाॅरन्टाइन सेंटर एवं होम क्वाॅरन्टाइन में विदेश प्रवास से लौटे लोगों को चिकित्सकों को निगरानी में आवश्यक परीक्षण हेतु रखे गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. डी.के. तुर्रे ने बताया कि लक्षण के आधार पर जिले से अब तक दो सैम्पल परीक्षण हेतु एम्स रायपुर भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि यह जिला और जिलावासियों के लिए यह राहत भरी खबर है कि भेजे गए सैम्पल्स में से दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यानी जिन दो लोगों के सैम्पल्स जांच के लिए भेजे गए थे, वे कोरोना वायरस से ग्रसित नहीं हैं।
समाचार
आगामी 21 दिनों तक प्रत्येक गतिविधियों पर पैनी निगाह रखने के दिए निर्देश
आईजी श्री छाबड़ा एवं आयुक्त श्री चुरेन्द्र ने ली बैठक
धमतरी, 27 मार्च 2020ध् कोरोना वायरस (कोविद-19) के संभावित संक्रमण की जिले में रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर 25 मार्च से जारी तालाबंदी के दौरान विभिन्न विषयों को लेकर पुलिस महानिरीक्षक डाॅ. आनंद छाबड़ा और रायपुर सम्भाग के सम्भागायुक्त श्री जी.आर. चुरेन्द्र ने जिले के पुलिस अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। आज शाम कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में आई.जी. श्री छाबड़ा ने कहा कि समय की गम्भीरता एवं परिस्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी आने वाले 21 दिनों तक बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। वास्तविक जरूरतमंदों व अतिआवश्यक कार्य पर निकले लोगों को गंतव्य कर छोड़ने में मदद करने जैसी सकारात्मक छवि भी प्रस्तुत करें। साथ ही लाॅकडाउन (तालाबंदी) को गम्भीरता से नहीं लेने वालों के खिलाफ विवेकपूर्ण ढंग से सख्ती से कार्रवाई करें, क्योंकि किसी एक की लापरवाही का दुष्परिणाम अनेक लोगों को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ सकता है। संभागायुक्त श्री चुरेन्द्र कहा कि गांवों में किसानों के द्वारा अभी रबी फसलें ली जा रही हैं, ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना व कराना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को खेत-खलिहान जाने से रोका तो नहीं जा सकता, लेकिन जहां तक हो सके आवश्यक सुरक्षात्मक व्यवस्था करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जा सकता है। उन्हें यथासंभव भीड़भाड़ से बचने व हरहाल में बाहर से मजदूर नहीं बुलाए जाने की समझाइश दें। बैठक में कलेक्टर श्री रजत बंसल एवं एसपी श्री बीपी राजभानू ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने तथा जिला प्रशासन द्वारा समयानुकूल बेहतर कार्य सम्पादित करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत की सी.ई.ओ. श्रीमती नम्रता गांधी, अपर कलेक्टर श्री दिलीप अग्रवाल, एएसपी श्रीमती मनीषा ठाकुर, नगर निगम के आयुक्त श्री आशीष टिकरिहा सहित पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
