पत्रकार कैलाश टांडे
चटौद, दरबा धान खरीदी केंद्र तथा भाठागांव संग्रहण केन्द्र का मार्कफेड के प्रबंध संचालक श्री अंकित आनंद ने किया मुआयनाखरीदी केंद्रों में व्यवस्था पर जताया संतोष
उपस्थित किसानों से भी की चर्चा और उनके संतुष्ट होने पर दिखे प्रसन्न
धमतरी 08 जनवरी 2021/ मार्कफेड के प्रबंध संचालक श्री अंकित आनंद ने आज कुरूद के चटौद और दरबा धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कलेक्टर श्री जय प्रकाश मौर्य ने बताया कि जिले में चालू खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर किसानों से सुव्यवस्थित धान खरीदी के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 94 हजार 766 किसानों से 705 करोड़ रूपए की दो लाख 97 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।
प्रबंध संचालक श्री आनंद ने चटौद और दरबा खरीदी केन्द्रों में धान बेचने आए किसानों से चर्चा भी की। किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए शासन का साधुवाद करते हुए प्रसन्नता जताई। इस दौरान श्री आनंद ने खरीदी केन्द्रों में बारदाने की उपलब्धता, स्टेकिंग, खरीदे गए धान के सुरक्षित भण्डारण इत्यादि के संबंध में जानकारी लेते हुए संतोष जताया। इसके बाद वे भाठागांव स्थित संग्रहण केन्द्र के दौरे पर पहुंचे। बताया गया कि इस संग्रहण केन्द्र में 60 हजार मीट्रिक टन धान संग्रहित किया जा सकता है। उन्होंने मौके पर संग्रहित किए जा रहे धान का मुआयना किया। बताया गया कि अब तक यहां 1734 मीट्रिक टन धान संग्रहित किया गया है। प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को संग्रहण केन्द्र में धान संग्रहित करने के लिए डबल डेनेज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि इसे सुरक्षित रखा जा सके। इस मौके पर खाद्य एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
