कोरोना के प्रति रहे सचेत, घर-घर जागरूक कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का करे सम्मान- मनोज खलखो
बैकुंठपुर (कोरिया) मई 21,
कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन अवधि के सुरक्षात्मक उपायों के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा हितग्राहियों को रेडी टू ईट और मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान में सूखा राशन घर-घर पहंचाया जा रहा है।छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं और बच्चों को पोषक आहार पहंचाने और लोगों को जागरूक करने के कार्य की सराहना गत दिवस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी की है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज खलखो ने कहा: “राज्य सरकार के निर्देश पर आगनवाडी कार्यकर्ता के सहयोग से ही प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान घर-घर जाकर रेडी टू ईट की सामग्री और सूखा राशन वितरित करने तथा कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देकर लोगों को जागरूक करने के काम कोरोना काल में सफल हो पाया है। हम योजनाओ को निचले स्तर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सहयोग से ही अमल में ला सकते है, हमें उनका सम्मान करना चाहिए। “
डोगरीपारा आंगनवाडी कार्यकर्ता सीमा ने बताया: “रेडी टू ईट,सूखा राशन को ग्रहण करते समय अभिभावक भावुक हो जाते है कोरोना काल में हम लोगो को संक्रमण से बचाव के उपाय भी समझा रहे है।सजग और चकमक अभियान में बच्चे काफी रूचि ले रहे हैं।इस अभियान में बच्चों को स्थानीय बोलियों में बालगीत, कविता, कहानियों के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। “
आंगनबाडी कार्यकताओं द्वारा बच्चों एवं अभिभावको को सोशल डिस्टेंश का पालन करने और सेनेटाईजर का उपयोग करते हुए बार.बार हाथ धोने तथा मास्क लगाने की शिक्षा दी जा रही है। ऐसे अभिभावक जिनके पास एन्ड्राइड फोन नही है उन्हे गृह भेंट के दौरान मोबाईल के माध्यम से बच्चो के सामने विभिन्न गतिविधियो का प्रदर्शन किया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रतिदिन अलग अलग परिवारों में जाकर जानकारी देते हुए पालकों को प्रेरित कर रहीं हैं। प्रदेश के 90,000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने हितग्राहियों के घरों में जाकर सामग्री वितरण के साथ-साथ लोगों को कोरोना से बचाव के संबंध में जागरूक करने का काम किया है।